रांची में डबल पर्व पर हाई अलर्ट: सरहुल जुलूस और ईद को लेकर 5000 जवान तैनात, ड्रोन से निगरानी
सुबह ईद की नमाज, दोपहर में सरहुल शोभायात्रा; संवेदनशील इलाकों में कड़ी सुरक्षा, सीसीटीवी और ड्रोन से पूरे शहर पर नजर

रांची वाईबीएन डेस्क : राजधानी रांची में 21 मार्च को दो प्रमुख पर्व सरहुल और ईद एक ही दिन पड़ने से प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना है। शहर में सांप्रदायिक सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राजधानी में बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
शनिवार की सुबह मुस्लिम समुदाय के लोग शहर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करेंगे। इसके बाद दोपहर के समय सरहुल का पारंपरिक जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक झलकियों के साथ शामिल होते हैं। दोनों आयोजनों में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही ट्रैफिक और सुरक्षा की विस्तृत योजना तैयार कर ली है।
रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन ने बताया कि शहर में करीब 5000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इसमें जिला पुलिस, आईआरबी, जैप, होमगार्ड और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को शामिल किया गया है। सभी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करते रहें और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखें।
सरहुल जुलूस के दौरान सबसे अधिक भीड़ अल्बर्ट एक्का चौक के आसपास रहने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए यहां अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। साथ ही आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए शहरभर में सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से भी भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। कचहरी स्थित कंट्रोल रूम को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है, जहां से हर क्षेत्र की मॉनिटरिंग की जाएगी।


