Top
Begin typing your search above and press return to search.

साहिबगंज में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, चार हजार रुपए रिश्वत लेते प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गिरफ्तार

डीलरों से मासिक उगाही का आरोप, एसीबी की ट्रैप कार्रवाई में फंसे अधिकारी

Manish Jha
साहिबगंज में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, चार हजार रुपए रिश्वत लेते प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गिरफ्तार
X

रांची वाईबीएन डेस्क : झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एसीबी की टीम ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नंदन कुमार को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।

इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है, जबकि स्थानीय डीलरों में संतोष देखा जा रहा है।

डीलरों पर दबाव, हर माह वसूली का आरोप

जानकारी के मुताबिक, बरहरवा क्षेत्र के राशन डीलरों से हर महीने तय रकम वसूली जा रही थी। आरोप है कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा प्रत्येक डीलर से 5 हजार रुपये की मांग की जाती थी।

इससे परेशान होकर डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष आलमगीर आलम ने दुमका में एसीबी कार्यालय का रुख किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

ट्रैप बिछाकर की गई गिरफ्तारी

शिकायत के बाद एसीबी ने मामले की जांच करते हुए जाल बिछाया। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को 40 हजार रुपये के साथ अधिकारी के पास भेजा गया।

जैसे ही आरोपी ने पैसे लिए, पहले से मौके पर तैनात टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई थी, जिसमें अधिकारी सादे कपड़ों में मौजूद थे।

दुमका में पूछताछ जारी, लोगों में राहत

गिरफ्तारी के बाद आरोपी नंदन कुमार को दुमका स्थित एसीबी कार्यालय ले जाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से चल रही उगाही पर अब लगाम लगेगी।

भ्रष्टाचार पर सख्ती का संकेत

एसीबी की इस कार्रवाई को राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े रुख के रूप में देखा जा रहा है। यह साफ संकेत है कि अवैध वसूली और रिश्वतखोरी में शामिल अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

अब इस मामले में आगे की जांच में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire