लॉ कॉलेज में छात्रा की हत्या, आरोपी छात्र ने खुद को भी मारी गोली
पंजाब के तरनतारन स्थित लॉ कॉलेज में छात्रा संदीप कौर की क्लासरूम में गोली मारकर हत्या कर दी । आरोपी छात्र प्रिंस राज सिंह ने खुद को भी गोली मार ली।

पंजाब, वाईबीएन न्यूज। सूूबे के तरनतारन जिले में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव उस्मा स्थित एक लॉ कॉलेज में क्लासरूम के अंदर एक सिरफिरे युवक ने 20 वर्षीय छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने उसी पिस्टल से खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान संदीप कौर (20) के रूप में हुई है, जो नौशहरा पन्नुआं की रहने वाली थी। आरोपी की पहचान प्रिंस राज सिंह के तौर पर हुई है, जो गांव मालियां का निवासी बताया जा रहा है। आरोपी भी उसी कॉलेज का छात्र था।
#WATCH | Tarn Taran, Punjab | DSP Jagbeer Singh says," Prince Raj and Sandeep Kaur were students at a law college here. This morning, Prince Raj shot Sandeep Kaur in the head and then shot himself inside the college classroom. The woman has died. While the man is in critical… pic.twitter.com/1OdO8Yo0k4
— ANI (@ANI) February 9, 2026
क्लासरूम में मचा हड़कंप, खून से सना कमरा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी युवक पिस्टल लेकर सीधे क्लासरूम में पहुंचा। उसने पहले छात्रा के सिर में गोली मारी और फिर पिस्टल दोबारा लोड कर अपनी कनपटी पर सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़ा। क्लासरूम में खून फैल गया और वहां मौजूद छात्राएं घबराकर बाहर की ओर भागीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे कॉलेज परिसर को सील कर दिया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस बड़ी घटना के बाद कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर आरोपी युवक पिस्टल लेकर कॉलेज परिसर और क्लासरूम तक कैसे पहुंच गया? क्या कॉलेज में सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं थे? इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन कॉलेज पहुंचे और न्याय की मांग की। परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कॉलेज प्रशासन के मौके से अनुपस्थित रहने की बात सामने आ रही है, जिससे मामले में और संदेह गहरा गया है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।

