UP SI Exam विवाद, सुनील भराला की सीएम योगी से कार्रवाई की मांग
यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में 'पंडित' शब्द के नकारात्मक प्रयोग पर पंडित सुनील भराला ने कड़ा ऐतराज जताया। सीएम योगी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग।

मेरठ, वाईबीएन न्यूज। उत्तर प्रदेश पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के एक प्रश्न को लेकर खड़ा हुआ विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। ब्राहमण समाज से जुड़े तमाम नेता और संगठन इस पर आपत्ति जता रहे हैं। इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्य मंत्री पंडित सुनील भराला ने भी सीएम योगी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता पंडित सुनील भराला ने परीक्षा के प्रश्न पत्र में “पंडित” शब्द के गलत इस्तेमाल को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
मामला 14 मार्च, 2026 को आयोजित हुई यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा से जुड़ा है। सुनील भराला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे पत्र में कहा है कि हिंदी खंड के प्रश्न संख्या 3 में “अवसर के अनुसार बदल जाने वाला” वाक्यांश के लिए एक शब्द चुनने के लिए कहा गया था। इसका जवाब देने के लिए दिए गए चार विकल्पों में एक “पंडित” भी दिया गया, जो घोर आपत्तिजनक है। भराला का आरोप है कि “अवसरवादी” और “पंडित” शब्दों को एक श्रेणी में प्रस्तुत करना प्रश्न पत्र बनाने वाले की नकरात्मक मानसिकता और विद्वान वर्ग के प्रति दुर्भावना को दर्शाता है।
“पंडित” शब्द समाज की गरिमा का प्रतीक
सीएम योगी को लिखे गए पत्र में सुनील भराला ने कहा है कि “पंडित” शब्द भारतीय परंपरा के मुताबिक ज्ञान, विद्वता और सम्मान का प्रतीक माना जाता है। इसे किसी नकारात्मक या अपमानजनक संदर्भ में विकल्प के रूप में प्रस्तुत करना अत्यंत आपत्तिजनक है। यह समाज के एक सम्मानित वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है।
सुनील भराला ने ये मांग कीं
सीएम योगी को भेजे गए पत्र में पंडित सुनील भराला ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की गलती न दोहराई जाए। यह बहुत ही संवेदनशील मामला है, इसलिए समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है। इसके अलावा बीजेपी नेता ने संबंधित प्रश्न को मूल्यांकन प्रक्रिया से बाहर करने की भी मांग मुख्यमंत्री से की है ताकि अभयर्थियों के स्कोर पर इसका कोई विपरीत असर न पड़े।
पत्र की कॉपी भर्ती बोर्ड को भी भेजी
पंडित सुनील भराला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे गए पत्र की कॉपी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को भी भेजी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पंडित शब्द सदाचारी और निष्कपट भाव के लिए प्रयोग होता है, और इसे अवसरवादिता जैसे नकारात्क वाक्यांश के साथ जोड़ना स्वीकार्य नहीं है।

