Uttarakhand: रुड़की में रविदास शोभायात्रा के दौरान बवाल, दो की हत्या
हरिद्वार के रुड़की में रविदास शोभायात्रा के भंडारे के दौरान दो गुटों में झगड़ा- फायरिंग। एक युवक की गोली मारकर, दूसरे की पीटकर हत्या। भारी पुलिस बल तैनात।

रुड़की, वाईबीएन न्यूज। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में रविवार को रविदास शोभायात्रा के दौरान बवाल होने के बाद से तनाव है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। रविवार को रविदास शोभायात्रा में भंडारे के दौरान युवकों के दो गुटों में पुरानी रंजिश को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग हो गई। इस हिंसा में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरे व्यक्ति की पीट-पीटकर जान ले ली गई।
घटना बिनारसी गांव में रविवार शाम को हुई
घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव की है। रविवार शाम मंदिर परिसर के पास भंडारे के दौरान कहासुनी के बाद गोलियां चलीं। इसमें बिनारसी निवासी 28 वर्षीय आनंद को सीने में गोली लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी तो परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में अधिकारियों के समझाने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फायरिंग के दौरान छर्रे लगने से विकास, गगन और योगेंद्र घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देर रात दूसरे पक्ष के मांगेराम का शव मिला
रविवार देर रात गांव के ही खेत में दूसरे पक्ष के 45 वर्षीय मांगेराम का शव बरामद हुआ। शरीर पर चोट के निशान मिलने से पीटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। जिलेभर से पुलिस बल तैनात कर गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। कई वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की कोशिश की घटनाएं भी सामने आई हैं। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है, कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

